आईओआरए की बैठक में दो उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के भारत के प्रस्ताव को मंजूरी, 5 लाख डॉलर की सहायता की घोषणा

 


नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। भारत की अध्यक्षता में शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक में समुद्री विज्ञान और समुद्री कानून के क्षेत्र में दो उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के भारत के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही भारत ने संगठन की संस्थागत और वित्तीय क्षमता मजबूत करने के लिए पांच लाख अमेरिकी डॉलर की सहायता देने की घोषणा की।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने की। इसमें आईओआरए के 23 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के अलावा 12 संवाद साझेदार देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में आईओआरए की विशेष एजेंसियों और पर्यवेक्षक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

बैठक में हिंद महासागर क्षेत्र से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श किया गया। मंत्रियों ने आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में सदस्य देशों के बीच सहयोग मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। इसके अलावा संगठन की वर्ष 2028 से 2032 तक की प्रस्तावित कार्ययोजना पर भी विचार किया गया और संवाद साझेदार देशों के साथ सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर चर्चा हुई।

भारत की ओर से प्रस्तावित दो उत्कृष्टता केंद्रों में पहला आईओआरए डिजिटल नवाचार केंद्र होगा, जिसे गोवा स्थित वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान में स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र समुद्री विज्ञान के क्षेत्र में काम करेगा।

दूसरा उत्कृष्टता केंद्र समुद्री कानून के क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा। इसे गुजरात स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) में स्थापित करने का प्रस्ताव है। इन दोनों केंद्रों का उद्देश्य संगठन के सदस्य देशों के बीच संस्थागत सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रों में क्षमता निर्माण को प्रोत्साहित करना है।

भारत ने आईओआरए के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संगठन की संस्थागत और वित्तीय क्षमता बढ़ाने के लिए पांच लाख अमेरिकी डॉलर का अनुदान देने की भी घोषणा की। इस सहायता से संगठन के कामकाज और संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले 25 और 26 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों की समिति (सीएसओ) की 29वीं बैठक आयोजित की गई थी। इसमें संगठन से जुड़े संस्थागत, वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की समीक्षा की गई।

इस बीच, 26 नवंबर को गुरुग्राम स्थित सूचना संलयन केंद्र-हिंद महासागर क्षेत्र (आईएफसी-आईओआर) ने आईओआरए सदस्य देशों के लिए समुद्री सूचना संलयन और परिचालन समन्वय विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें समुद्री क्षेत्र की निगरानी, सूचनाओं के आदान-प्रदान और परिचालन समन्वय के माध्यम से सदस्य देशों के बीच सहयोग मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

बैठक का समापन 'दिल्ली विज्ञप्ति 2026' को अपनाने के साथ हुआ। इसमें आईओआरए के सदस्य देशों ने शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उल्लेखनीय है कि भारत वर्ष 2025 से 2027 तक आईओआरए का अध्यक्ष है। इस दौरान भारत ने 'हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलेपन, लचीलापन और अनुकूलनशीलता' को अपनी अध्यक्षता का विषय बनाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार