भारत और इटली के अंतरराष्ट्रीय भौतिकी केंद्र के बीच वैज्ञानिक सहयोग बढ़ाने के लिए कोष शुरू
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। भारत और इटली स्थित अंतरराष्ट्रीय सैद्धांतिक भौतिकी केंद्र (आईसीटीपी) ने वैज्ञानिक सहयोग और भारतीय शोधकर्ताओं की अंतरराष्ट्रीय आवाजाही को बढ़ावा देने के लिए 'भारत-आईसीटीपी सहयोग कोष' शुरू किया है। इसके तहत भारतीय वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शोध केंद्र में काम करने और शोध के नए अवसर मिलेंगे।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और आईसीटीपी के बीच इस संबंध में आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह की इटली यात्रा के दौरान ट्राइस्टे स्थित आईसीटीपी में यह समझौता हुआ। भारतीय पक्ष की ओर से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रमुख डॉ. प्रवीणकुमार सोमसुंदरम ने आशय पत्र का आदान-प्रदान किया।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत-आईसीटीपी सहयोग कोष से दोनों पक्षों के बीच पहले से जारी सहयोग को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा साझेदारी को संस्थागत स्वरूप देने से वैज्ञानिक सहयोग और शोधकर्ताओं की आवाजाही को बढ़ावा मिलेगा।
यह पहल भारत और आईसीटीपी के बीच लंबे समय से जारी साझेदारी को आगे बढ़ाएगी। इस केंद्र के विभिन्न कार्यक्रमों में भारतीय वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विद्यार्थी पहले से हिस्सा लेते रहे हैं। प्रस्तावित कोष के माध्यम से इस सहयोग को व्यवस्थित ढांचा दिया जाएगा और भारतीय शोधकर्ताओं के लिए नए अवसर तैयार किए जाएंगे।
आईसीटीपी भौतिकी, गणित और संबंधित विषयों में उच्च स्तरीय शोध, उच्च शिक्षा और क्षमता निर्माण का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय केंद्र है। भारत के कई संस्थान इसके साथ शोध सहयोग, शैक्षणिक आदान-प्रदान, कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भागीदारी करते रहे हैं।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), प्रमुख विश्वविद्यालयों और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों ने आईसीटीपी के साथ संयुक्त शोध और आदान-प्रदान कार्यक्रमों में सहयोग किया है। भारतीय शोधकर्ताओं को केंद्र की विजिटिंग फेलोशिप, डिप्लोमा कार्यक्रमों और पोस्ट डॉक्टोरल अवसरों का लाभ मिलता है। वहीं, आईसीटीपी के विशेषज्ञ उच्च ऊर्जा भौतिकी, खगोल भौतिकी, जलवायु मॉडलिंग और कंप्यूटेशनल विज्ञान के क्षेत्रों में भारतीय वैज्ञानिकों के साथ काम करते हैं।
मंत्रालय के अनुसार, भारत-आईसीटीपी सहयोग कोष और आशय पत्र पर हस्ताक्षर से दोनों पक्षों के बीच मौजूदा सहयोग को मजबूती मिलेगी। इससे वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क विकसित करने और समाज के लिए उपयोगी नवाचारों को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
डॉ. जितेंद्र सिंह की आईसीटीपी यात्रा में स्वागत भोज और शोधकर्ता आवाजाही कार्यक्रम की शुरुआत भी शामिल रही। यह यात्रा 11 से 15 नवंबर तक उनकी इटली की आधिकारिक यात्रा का हिस्सा थी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर