भारत 14-15 मई को ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की करेगा मेजबानी
नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। भारत 14-15 मई को ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर करेंगे। ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के विदेश मंत्री और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख इस बैठक में भाग लेंगे। वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार बैठक के दौरान ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री पारस्परिक हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। दूसरे दिन, ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देश ‘ब्रिक्स@20: लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ विषय पर एक सत्र में भाग लेंगे। इसके बाद ‘वैश्विक शासन और बहुपक्षीय प्रणाली में सुधार’ पर एक सत्र आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों ने 26 सितंबर 2025 को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए 80) के 80वें सत्र के दौरान अपनी अंतिम बैठक की थी। इस बैठक की अध्यक्षता भारत ने 2026 के लिए ब्रिक्स के आगामी अध्यक्ष के रूप में की थी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा