भारत मंगलवार को पहली बिम्सटेक गृह मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि भारत 13 अक्टूबर, मंगलवार को नई दिल्ली में पहली बिम्सटेक गृह मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। इस बैठक का उद्देश्य आतंकवाद, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, संगठित अपराध और साइबर खतरों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच समन्वय मजबूत करना है।
शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भारत इस ऐतिहासिक बैठक की मेजबानी करने को लेकर सम्मानित महसूस कर रहा है और वह सदस्य देशों के गृह मंत्रियों तथा उनके प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करता है। यह बैठक क्षेत्र को अधिक सुरक्षित बनाने के साझा संकल्प को दर्शाती है।
गृहमंत्री ने कहा कि सदस्य देशों के बीच प्रभावी समन्वय के माध्यम से आतंकवाद, अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध, कट्टरपंथ, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, अवैध वित्तीय गतिविधियों और साइबर खतरों से निपटने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार