भारत-भूटान सीमा शुल्क बैठक में व्यापार सुगमता और सीमा प्रबंधन पर सहमति
मुन्नार (केरल), 21 अप्रैल (हि.स.)। भारत और भूटान के बीच 20-21 अप्रैल को मुन्नार में आयोजित सातवीं संयुक्त सीमा शुल्क समूह (जेजीसी) बैठक में सीमा शुल्क सहयोग, व्यापार सुगमता और सीमा प्रबंधन को मजबूत करने पर सहमति जताई गई। बैठक में तस्करी रोकथाम, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण, सीमा अवसंरचना सुधार और इलेक्ट्रॉनिक कार्गो ट्रैकिंग सिस्टम के तहत माल आवाजाही सुगम बनाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और बढ़ाने तथा सुरक्षित सीमा प्रबंधन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत और भूटान के बीच सातवीं संयुक्त सीमा शुल्क समूह (जेजीसी) बैठक 20-21 अप्रैल को यहां आयोजित हुई बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार के केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के विशेष सचिव और सदस्य (सीमा शुल्क) योगेन्द्र गर्ग तथा भूटान के वित्त मंत्रालय के राजस्व एवं सीमा शुल्क विभाग के महानिदेशक सोनम जाम्तशो ने की।
बैठक में समन्वित सीमा प्रबंधन, सीमा शुल्क डेटा के पूर्व-आगमन आदान-प्रदान पर समझौता ज्ञापन, खुफिया जानकारी साझा कर तस्करी रोकथाम, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण और इलेक्ट्रॉनिक कार्गो ट्रैकिंग सिस्टम के तहत पारगमन माल की आवाजाही को सुगम बनाने जैसे विषयों पर विचार किया गया। सीमा अवसंरचना सुधार और सीमा शुल्क प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर भी चर्चा हुई।
भूटानी प्रतिनिधिमंडल ने कोच्चि बंदरगाह का दौरा किया और आयात-निर्यात प्रक्रियाओं, जहाजों की बर्थिंग, कंटेनर संचालन तथा समुद्री प्रवर्तन गतिविधियों जैसे गश्त, संदिग्ध जहाजों की पहचान और संचार प्रणालियों की जानकारी प्राप्त की। बैठक में दोनों पक्षों ने सीमा शुल्क सहयोग और मजबूत करने, निर्बाध व्यापार को बढ़ावा देने तथा सुरक्षित और प्रभावी सीमा प्रबंधन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर