प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से मुलाकात की

 


मेलबर्न, 09 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से मुलाकात कर भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न आयामों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, शिक्षा, नवाचार और खेल सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की तथा कहा कि इन क्षेत्रों में बढ़ता सहयोग दोनों देशों के लोगों के लिए नए अवसर और ठोस लाभ लेकर आएगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार मेलबर्न में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की लगातार बढ़ती गहराई और विविधता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच तेजी से मजबूत हो रहे आर्थिक संबंधों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि व्यापार और निवेश के साथ-साथ शिक्षा एवं नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को और विस्तार मिलेगा।

बैठक में दोनों नेताओं ने खेल संबंधों के लगातार सुदृढ़ होने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने वर्ष 2030 में भारत में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेल 2030 तथा वर्ष 2032 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले ग्रीष्मकालीन ओलंपिक 2032 की तैयारियों के मद्देनजर खेल सहयोग को और प्रगाढ़ बनाने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत जन-से-जन संपर्क दोनों देशों के संबंधों की सबसे बड़ी ताकत है और यही रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

प्रधानमंत्री ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को आगे बढ़ाने में गवर्नर-जनरल सैम मोस्टिन के निरंतर सहयोग और प्रतिबद्धता की सराहना की। दोनों नेताओं ने आने वाले वर्षों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार