एशिया के लिए सुरक्षित और मजबूत ऊर्जा भविष्य बनाने को प्रतिबद्ध है भारत: मिसरी
नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने मंगलवार को कहा कि भारत एशिया के लिए सुरक्षित और मजबूत ऊर्जा भविष्य बनाने के वास्ते समान विचारधारा वाले देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
मिसरी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित चौथी एशिया जीरो-एमिशन कम्युनिटी (एजेडईसी) नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस बैठक का आयोजन जापान और फिलीपींस ने संयुक्त रूप से किया था।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में मिसरी के हवाले से कहा, “भारत एशिया के लिए सुरक्षित और मजबूत ऊर्जा भविष्य बनाने के वास्ते ऊर्जा क्षेत्र की मजबूती और आर्थिक सुरक्षा पर समान विचारधारा वाले साझेदारों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
भारत ने इस बैठक में जापान की ‘ब्रिज एशिया’ पहल का भी स्वागत किया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रीय साझेदारों के बीच उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देना है।
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने एजेडईसी बैठक में इस पहल का प्रस्ताव रखा था। इसके तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोगात्मक अनुसंधान, विकास और प्रायोगिक परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की परिकल्पना की गई है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार