एआई सम्मेलन के लिए 35 हजार पंजीकरण और 100 देशों की भागीदारी

 


नई दिल्ली, 02 फरवरी (हि.स.)। नई दिल्ली में आगामी 16-20 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाला 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' अब तक का सबसे बड़ा वैश्विक एआई सम्मेलन बनने जा रहा है। इसके लिए 35 हजार से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार यह सम्मेलन जिम्मेदार, समावेशी और प्रभाव-संचालित एआई के आसपास बढ़ती अंतरराष्ट्रीय गति को दर्शाएगा। इसमें 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। 15-20 राष्ट्राध्यक्ष और 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मंत्रियों की उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा दुनिया भर की दिग्गज कंपनियों के 40 से अधिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और 500 से अधिक एआई विशेषज्ञ शिरकत करेंगे।

सम्मेलन केवल चर्चाओं तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि नवाचार का प्रदर्शन भी करेगी। आयोजन के दौरान 500 से अधिक एआई स्टार्टअप्स अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान कुल 500 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जो एआई पर केंद्रित दुनिया का सबसे व्यापक आयोजन बन जाएगा। अब तक 500 से अधिक प्री-समिट कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 3 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की है।

ब्लेचले पार्क (खतरा), सियोल (नैतिकता) और पेरिस (सिद्धांत) के बाद, अब नई दिल्ली का यह सम्मेलन 'एआई के प्रभाव और क्रियान्वयन' पर केंद्रित है। यह वैश्विक स्तर पर एआई नीतियों को आकार देने में भारत की बढ़ती शक्ति का प्रतीक है।

समिट को कवर करने के लिए मीडियाकर्मी 08 फरवरी तक इसके आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। सम्मेलन के एजेंडा और फोकस क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी