भारत-अफगानिस्तान संयुक्त समिति की बैठक में मानवीय सहायता जारी रखने पर जोर

 


नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स.)। भारत और अफगानिस्तान ने मानवीय सहायता, विकास साझेदारी, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यापार और संपर्क परियोजनाओं सहित द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है। दोनों देशों ने नियमित संवाद बनाए रखने और आपसी संपर्क मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

केंद्रीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत-अफगानिस्तान संयुक्त समिति (ज्वाइंट कमेटी) की चौथी बैठक गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से विदेश मंत्रालय में पाकिस्तान-अफगानिस्तान-ईरान (पीएआई) प्रभाग के संयुक्त सचिव एम. आनंद प्रकाश और अफगानिस्तान की ओर से विदेश मंत्रालय के प्रथम राजनीतिक प्रभाग के महानिदेशक शुआइब बरयालाई ने की।

बैठक में दोनों पक्षों ने मानवीय सहायता, विकास सहयोग, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, क्षमता निर्माण, शिक्षा, खेल, व्यापार, वीजा और क्षेत्रीय संपर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की।

भारतीय पक्ष ने अफगान जनता के कल्याण और विकास संबंधी आवश्यकताओं के समर्थन के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई। अफगान पक्ष ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत की ओर से दी जा रही सहायता और सहयोग की सराहना की।

दोनों देशों ने नियमित परामर्श बनाए रखने के महत्व को रेखांकित करते हुए निकट संपर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही यह भी तय किया गया कि भारत-अफगानिस्तान संयुक्त समिति की अगली बैठक आपसी सुविधा के अनुसार आयोजित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर