(अपडेट) असम: दुलियाजान ट्रिपल मर्डर के दोनों आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल, एएमसीएच में भर्ती
डिब्रूगढ़ (असम), 25 नवंबर (हि.स.)। दुलियाजान में भूइयां परिवार के तीन सदस्यों की हत्या (ट्रिपल मर्डर) के दो आरोपितों राजू दास और अमीर दास को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हिरासत से बीती रात भागने की कोशिश के दौरान दोनों कार्रवाई में घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए मुख्य हथियार हथौड़ी की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान दोनों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस को चार राउंड फायरिंग करनी पड़ी।
डिब्रूगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निर्मल घोष ने बताया कि हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए मुख्य हथियार की तलाश में पुलिस की एक टीम दोनों को साथ लेकर दुलियाजान के बालिजान चाय बागान अंतर्गत सहिलाबाड़ी इलाके में पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे दोनों आरोपितों ने अचानक पुलिस कांस्टेबल मनोज लाहन और नितुल कोंवर पर हमला कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर हिरासत से फरार होने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों को रोकने के लिए पुलिस ने कुल चार राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस की फायरिंग में दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस कार्रवाई के बाद भूइयां परिवार हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए मुख्य हथियार की बरामदगी और मामले की आगे की जांच को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।
वर्तमान में दोनों आरोपितों को डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कालेज एंड अस्पताल (एएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल पुलिस कांस्टेबल मनोज लाहन एवं नितुल कोंवर को दुलियाजान स्थित ऑयल इंडिया के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
उल्लेखनीय है कि 16 नवंबर को दुलियाजान के कमलाबारी स्थित आवास से एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव बरामद हुए थे। मृतकों में ऑयल इंडिया के सेवानिवृत्त कर्मचारी चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां शामिल हैं।
जांच और मुख्य खुलासे
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित राजू दास (जो करीब सात साल से परिवार के घर में किराएदार था) पर ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग का लगभग 4 लाख रुपये का कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए लूट और हत्या की साजिश रची गई। 17 नवंबर को दोनों को सिमलुगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास अवध असम एक्सप्रेस से भागने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने नकदी, करीब 2.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और तीन मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस जांच में एक युवती की संलिप्तता का संदेह सामने आया है, जिसने कथित तौर पर आरोपितों को तिनसुकिया ले जाने, होटल में रुकने और भागने में मदद की। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, डिब्रूगढ़ पुलिस दोनों आरोपितों को लेकर तिनसुकिया के प्राइमलैंड होटल में जांच के लिए पहुंची थी।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा