दिल्ली के पहले महिला पुलिस स्टेशन का शुभारंभ
नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के पहले महिला पुलिस स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इस कदम का मकसद महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करना और उनके ख़िलाफ होने वाले अपराधों से निपटने के तरीके को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और सशक्त महिला ही प्रगतिशील समाज की नींव होती है। इस मौके पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा, पुलिस अधिकारी और महिला पुलिस स्टेशन की एसएचओ लक्ष्मी सिंह मौजूद रहीं।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस विजन से प्रेरित होकर कि 'नारी शक्ति' ही राष्ट्र-निर्माण की आधारशिला है, यह महत्वपूर्ण संस्थान महिलाओं को बिना किसी डर के अपनी शिकायतें दर्ज कराने, न्याय पाने और सहायता प्राप्त करने के लिए एक सहयोगी और सुरक्षित वातावरण प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की महिला-सुरक्षा से जुड़ी प्रमुख पहलों, जैसे 'पिंक बूथ' और 'सशक्ति' अभियान की भी समीक्षा की। पुलिस बल को राजधानी में ऐसे और केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि महिला-अनुकूल पुलिसिंग और तत्परता से कानून लागू करने की दिशा में एक नया मानक स्थापित किया जा सके।
उपराज्यपाल ने कहा कि एक सुरक्षित और सशक्त महिला ही प्रगतिशील समाज की नींव होती है। हम सब मिलकर एक सुरक्षित, समावेशी और सशक्त विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में काम करते रहेंगे। अगर हम कोई अपराध होते या अपनी माताओं, बहनों और परिवार के साथ अन्याय होते देखें तो जरूर आवाज उठाएं या पुलिस को सूचित करें। यह एक ऐसा सीधा जरिया है जो महिलाओं के खिलाफ होने वाले किसी भी अपराध से सीधे निपटेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव