दिल्ली में केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो के सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के कार्य का शुभारंभ

 


नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों और बिजली मंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो के सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के कार्य की बुधवार को शुरुआत की। इसके मौके पर आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव और डीएमआरसी के चेयरमैन के. श्रीनिवास भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौजूद रहे।

मनोहर लाल ने कहा कि दिल्ली के शहरी ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। यह कॉरिडोर कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, नेशनल वॉर मेमोरियल और सुप्रीम कोर्ट जैसे प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों और लैंडमार्क तक आसान कनेक्टिविटी देगा, जिससे रोजाना हजारों कर्मचारियों, नागरिकों और आने-जाने वालों के लिए पहुंच आसान हो जाएगी। प्रमुख मेट्रो लाइनों के साथ बेहतर इंटीग्रेशन से राजधानी में यात्रा और भी आसान और कुशल हो जाएगी। आधुनिक और नागरिक-केंद्रित इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से प्रेरित यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट यात्रा के कीमती समय की बचत करेगा, यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा।

डीएमआरसी ने एक बयान में कहा कि यह स्टेशन मौजूदा मैजेंटा लाइन (जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम मार्ग तक) के विस्तार के तौर पर फेज V(ए) के तहत बनाया जा रहा है। केंद्रीय सचिवालय स्टेशन एक ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बन जाएगा, जहां नई मैजेंटा लाइन का स्टेशन मौजूदा येलो लाइन और वॉयलेट लाइन से आसानी से जुड़ जाएगा। इस खास सुविधा से सरकारी कर्मचारियों और लुटियंस जोन व आसपास के प्रशासनिक इलाकों में आने-जाने वाले यात्रियों को काफी फायदा होगा।

यह कॉरिडोर 9.913 किलोमीटर लंबा है और इसमें नौ अंडरग्राउंड स्टेशन हैं- शिवाजी स्टेडियम, युगे-युगीन भारत, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ। यह प्रोजेक्ट नई दिल्ली के मुख्य इलाकों तक कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे प्रमुख सरकारी दफ्तरों, न्यायिक संस्थानों, राष्ट्रीय स्मारकों और कन्वेंशन सुविधाओं तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा, साथ ही पूरे नेटवर्क की क्षमता और यात्रियों की सुविधा भी बेहतर होगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव