देश के पश्चिमी क्षेत्रों में अगले 6 दिनों के दौरान भारी बारिश के आसार
नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। देश के पश्चिमी हिस्से के विभिन्न क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हल्की बारिश का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को सुबह से दोपहर तक कई जगहों पर हल्की बारिश के साथ 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इस दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस तथा 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। शनिवार को भी यही स्थिति रहेगी जबकि रविवार को आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान है। शनिवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस तथा 25-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक अगले 3-4 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और उससे सटे उत्तर प्रायद्वीपीय भारत, पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। शुक्रवार को गुजरात क्षेत्र, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
उत्तर पश्चिम भारत के पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, चंडीगढ़ में, मध्य भारत के पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश में, पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ में, पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्यों में, पूर्वी भारत के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान भारी तथा कुछ जगह और अधिक मूसलाधार वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान इन राज्यों के अलग-अलग क्षेत्रों में तेज रफ्तार हवाएं चलने की संभावना है। इससे स्थानीय लोगों का जन-जीवन प्रभावित हो सकता है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी