उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में अगले पांच-छह दिनों के दौरान व्यापक वर्षा होने के आसार

 


नई दिल्ली, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में अगले पांच-छह दिनों के दौरान तेज हवाओं के साथ व्यापक वर्षा होने के आसार हैं। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अगले दो दिनों तक उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34-36 डिग्री सेल्सियस और 25-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 28 और 29 जुलाई को भी यही स्थिति रहेगी। लेकिन अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि राजधानी में आज हल्की वर्षा के आसार जताए गए थे। लेकिन इस दिन यहां पिछले दिनों के मुकाबले आज तेज धूप खिली जिससे स्थानीय निवासियों को कुछ उमस भरी गर्मी महसूस हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर एक दबाव बना हुआ है। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने, अगले 24 घंटों में और तेज होकर 'गहरे दबाव' में बदलने तथा सोमवार सुबह या दोपहर को उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों को पार करने की संभावना है। इसके असर से, सोमवार को ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। 27 जुलाई को ही गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत के हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 28 से 31 जुलाई के बीच, 28 जुलाई से 1 अगस्त के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में और पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में व्यापक बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा, 27 जुलाई और 1 अगस्त को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मध्य भारत के 27-28 जुलाई और 1 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में, पूर्वी मध्य प्रदेश में 27-31 जुलाई के दौरान 27-28 जुलाई को छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी भारत के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 27 जुलाई से 01 अगस्त तक भारी वर्षा होने के आसार हैं।

पूर्वोत्तर भारत में भी अगले पांच-छह दिनों के दौरान व्यापक रूप से तेज हवाओं के साथ वर्षा होने का अनुमान है। इसके नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29-30 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा तथा मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में अगले पांच-छह दिनों के दौरान बहुत भारी हो सकती है। लेकिन यहां के कुछ क्षेत्रों में छिटपुट वर्षा होने के आसार हैं।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तटीय कर्नाटक, केरल तथा माहे में 27 जुलाई से 1 अगस्त के बीच व्यापक बारिश होने की संभावना है। केरल, माहे तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अगले छह दिनों के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। इसी दौरान इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर तेज रफ्तार की हवाएं चलने का अनुमान है।

तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 27-28 जुलाई को गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे के दौरान ओडिशा, छत्तीसगढ़, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात क्षेत्र और तटीय कर्नाटक में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई जबकि हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और असम में भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी