देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में अगले पांच-छह दिनों के दौरान भारी बारिश के आसार
नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में अगले पांच-छह दिनों के दौरान तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा होने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हल्की बारिश होने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को दोपहर या शाम के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33-35 डिग्री सेल्सियस और 25-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शनिवार और रविवार को भी यही स्थिति बनी रहेगी। इन दोनों दिनों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बने रहने के आसार हैं।
आईएमडी के अनुसार आज दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा होने के आसार थे लेकिन यहां हल्की धूप छाई रही और मौसम भी उमस भरा रहा। पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़, विदर्भ और दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के आस-पास के इलाकों में बने गहरे कम दबाव के क्षेत्र के असर से 31 जुलाई को, मराठवाड़ा, तेलंगाना, विदर्भ और 31 जुलाई -1 अगस्त को कहीं-कहीं बहुत ज़्यादा बारिश होने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत के पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान में अगले पांच-छह दिनों के दौरान भारी वर्षा होने के आसार हैं। इसके अलावा, पूर्वी राजस्थान और पंजाब में 31 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है।
मध्य भारत के पश्चिमी मध्य प्रदेश में एक अगस्त, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 31 जुलाई को, छत्तीसगढ़ में 30 जुलाई और 2-5 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही पश्चिमी मध्य प्रदेश में 31 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। पूर्वी भारत के उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा में अगले 4-5 दिनों के दौरान बहुत अधिक वर्षा होने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों में कहीं-कहीं पर 31 जुलाई से 5 अगस्त के बीच बहुत अधिक वर्षा होने के आसार हैं। पश्चिमी भारत के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कहीं-कहीं अगले 4-5 दिनों के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। इसी बीच गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र, कच्छ, कोंकण और गोवा में भी कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश तथा कुछ जगहों पर बहुत अधिक वर्षा होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में बहुत अधिक बारिश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और तेलंगाना में बहुत भारी बारिश, राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश दर्ज की गई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी