दक्षिण भारत में अगले दो दिनों में भारी बारिश के आसार
नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। देश के दक्षिणी क्षेत्र के अधिकतर जगहों पर अगले दो दिनों के दौरान बहुत अधिक बारिश होने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी अगले दो-तीन दिनों तक वर्षा जारी रहने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में रविवार सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है जबकि कहीं-कहीं पर शाम या रात में भी वर्षा हो सकती है। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33-35 डिग्री सेल्सियस और 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, सोमवार और मंगलवार को भी बारिश के आसार हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान में कुछ कमी आएगी और मंगलवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य रहने का अनुमान है।
दिल्ली में लगातार तीन दिन से मौसम सुहावना बना हुआ है। दो दिनों के मुकाबले आज कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश हुई लेकिन इसी बीच हल्की धूप भी खिली रही। इस कारण से थोड़ी गर्मी महसूस की गई। फिलहाल, शाम के दौरान तेज हवाएं भी चलीं।
आईएमडी के मुताबिक इस सप्ताह पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। अगले 2 दिनों में केरल, तटीय और दक्षिणी अंदरूनी कर्नाटक में कुछ जगहों पर भी भारी बारिश होने की बहुत संभावना है।
उत्तर-पश्चिम तथा उससे सटे मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले 5-6 दिनों के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। इसके अलावा इन्हीं क्षेत्रों में इसी बीच तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसकी रफ्तार 40-70 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और केरल में बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी), उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक, दक्षिणी अंदरूनी कर्नाटक, तेलंगाना, असम और नगालैंड में भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी