दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार
नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। देश के अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखा जा रहा है। एक तरफ उत्तर भारत में दिन-ब-दिन कोहरे के साथ ठंड बढ़ रही है वहीं दक्षिण के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और आंधी-तूफान के आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 13 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो अगले 24 घंटों में और मजबूत होकर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा। 11-13 नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बदलने के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में 13 तारीख तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट से लेकर व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। विशेष रूप से 12 नवंबर को कश्मीर घाटी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 12-16 नवंबर के दौरान पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। 11-14 नवंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
दक्षिण भारत के दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, मन्नार की खाड़ी और लक्षद्वीप क्षेत्र के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के चलते प्रायद्वीपीय भारत में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 11, 15 एवं 16 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। केरल और माहे में 11-15 नवंबर तक बारिश जारी रहेगी जबकि 16 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक तथा लक्षद्वीप में 14-16 नवंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और कर्नाटक के तटीय तथा दक्षिणी आंतरिक हिस्सों में बारिश के आसार हैं।
अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में 11-16 नवंबर के दौरान व्यापक बारिश हो सकती है। इसी बीच भारी बारिश के साथ 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 11 नवंबर को बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। पूर्वोत्तर राज्य में 11-12 नवंबर के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छिटपुट बारिश होगी। वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी