(अपडेट) भारत-नेपाल सीमा पर अवैध घुसपैठ की कोशिश, थाईलैंड के दो नागरिक समेत 4 हिरासत में
सिलीगुड़ी, 12 मई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों ने अवैध घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी इलाके में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने कार्रवाई करते हुए दो थाई नागरिकों समेत 4 लोगों को मंगलवार को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान थाईलैंड निवासी नुसरा किंगवान और शॉनी चालासिया, श्रेष्ठ भरताली (नेपाल) एवं मोहम्मद सुलेमान (भारत) के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपितों में थाईलैंड के दो नागरिक, नेपाल का एक नागरिक और एक भारतीय शामिल है। सभी संदिग्ध अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। उनके पास से महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए है, जिनमें वीजा से जुड़े कागजात शामिल हैं। एसएसबी ने सभी को हिरासत में लेकर नक्सलबाड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। इस दौरान एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया है, जिसका इस्तेमाल सीमा पार करने में किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक थाई नागरिक के पास भारतीय वीजा और दूसरे के पास ई-वीजा था, बावजूद इसके प्रवेश प्रक्रिया संदिग्ध पाई गई। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और मकसद की गहन जांच में जुटी हुई है। सीमा सुरक्षा को लेकर यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि हाल के समय में अवैध प्रवेश के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।-----
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार