आईआईएमसी में उर्दू पत्रकारिता पीजी डिप्लोमा के लिए आवेदन शुरू
नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (आईआईएमसी) में उर्दू पत्रकारिता पीजी डिप्लोमा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार को आईआईएमसी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार आईआईएमसी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए उर्दू पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संस्थान ने बताया कि आवेदन पत्र संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा 1 जून, 2026 को नई दिल्ली स्थित आईआईएमसी मुख्यालय में आयोजित की जाएगी। उर्दू पत्रकारिता की कोर्स डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) संगीता प्राणवेंद्र के अनुसार परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी। प्रवेश परीक्षा में सामान्य ज्ञान तथा मीडिया एवं संचार से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे।
किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक डिग्री प्राप्त अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं। अंतिम वर्ष या अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा दे रहे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि चयनित अभ्यर्थियों को 30 सितंबर 2026 तक अपनी प्रोविजनल मार्कशीट या प्रमाणपत्र जमा करना होगा। पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्रों को पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा प्रदान किया जाएगा।
आयु सीमा के अनुसार सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों का जन्म 1 अगस्त 2001 या उसके बाद होना चाहिए। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी वर्ग) के लिए यह तिथि 1 अगस्त 1998 तथा एससी/एसटी/दिव्यांग वर्ग के लिए 1 अगस्त 1996 निर्धारित की गई है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी आईआईएमसी के शैक्षणिक विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी