इफ्फी में ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ का छठा संस्करण, देशभर के 100 युवा प्रतिभाओं को मिलेगा मौका
पणजी, 19 नवंबर (हि.स.)। नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की पहल ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ (सीएमओटी) का छठा संस्करण गोवा में आयोजित कर रहा है। यह 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में आयोजित होगा। इस संस्करण में देशभर से चयनित 100 युवा प्रतिभाएं हिस्सा लेंगी।
राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा संचालित इस पहल का उद्देश्य फिल्म निर्माण से जुड़ी विभिन्न विधाओं में उभर रहे युवाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना और उनके रचनात्मक कौशल को निखारना है। इस वर्ष के प्रतिभागियों में निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, संपादन, पटकथा लेखन, प्लेबैक गायन, संगीत रचना, साउंड रिकॉर्डिंग, कॉस्ट्यूम डिजाइन, हेयर एवं मेकअप, कला निर्देशन, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स), ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर), वर्चुअल रियलिटी (वीआर), सबटाइटलिंग, वॉयस ओवर और डबिंग जैसी विधाओं से जुड़े युवा शामिल होंगे।
तीन स्तरों पर होगा प्रतिभाओं का चयन
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया प्रतिभागियों के चयन की प्रक्रिया में फिल्म शिक्षा और उद्योग जगत के अनुभव को महत्व दिया गया है। इसके लिए 13 सदस्यीय चयन जूरी गठित की गई है, जिसमें फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) के संकाय सदस्य शामिल हैं। इसके बाद फिल्म उद्योग के अनुभवी पेशेवरों की 12 सदस्यीय ग्रैंड जूरी प्रतिभागियों का अंतिम चयन करती है। वहीं, फिल्म निर्माण की चुनौती और उसके पुरस्कारों का मूल्यांकन पांच सदस्यीय ग्रेट ग्रैंड जूरी करेगी।
48 घंटे में बनानी होगी लघु फिल्म
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती होगी। एफटीआईआई, पुणे और एनएफडीसी के सहयोग से आयोजित इस चुनौती में अलग-अलग विधाओं के प्रतिभागी एक टीम के रूप में काम करते हुए सीमित समय में लघु फिल्मों की परिकल्पना और निर्माण करेंगे। इस दौरान उन्हें विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग भी मिलेगा।
तैयार फिल्मों का इफ्फी में विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। फिल्म उद्योग के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की जूरी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान करेगी। इस अभ्यास के माध्यम से युवाओं को वास्तविक फिल्म निर्माण की परिस्थितियों में टीमवर्क और रचनात्मक सहयोग का अनुभव मिलेगा।
फिल्म उद्योग से जुड़ने का भी मिलेगा अवसर
सीएमओटी टैलेंट कैंप के तहत प्रतिभागियों को प्रोडक्शन हाउस, स्टूडियो, म्यूजिक लेबल, ओटीटी प्लेटफॉर्म, प्रसारकों और मनोरंजन उद्योग से जुड़े अन्य संस्थानों के प्रतिनिधियों से संवाद करने का अवसर मिलेगा। युवा रचनाकार अपने मौलिक कार्यों को उद्योग जगत के सामने प्रस्तुत कर सकेंगे और रोजगार एवं पेशेवर सहयोग की संभावनाएं तलाश सकेंगे।
वर्ष 2021 में शुरुआत के बाद से सीएमओटी उभरती रचनात्मक प्रतिभाओं और मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग के बीच एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। इसके पूर्व प्रतिभागी अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण परियोजनाओं से जुड़ चुके हैं और कान, बर्लिनेल, टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव तथा इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर पहचान बना चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी