जेल से छूटने वालों को जिंदगी दोबारा शुरू करने का मिलना चाहिए मौका : रूसी फिल्मकार
नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। जेल में लंबा समय बिताने के बाद समाज में लौटने वाले लोगों को अपनी जिंदगी दोबारा शुरू करने के लिए कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सजा पूरी होने के बाद भी वे अपराधबोध और अतीत के बोझ से मुक्त नहीं हो पाते। ऐसे लोगों को जिंदगी में दूसरा मौका मिलना चाहिए। रूसी फिल्मकार और निर्देशक निकिता ग्रुशिन ने रविवार को 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में अपनी फिल्म 'न्यू होम' के बारे में बातचीत के दौरान यह बात कही।
केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, रूस को इस वर्ष फिल्म महोत्सव में साझेदार देश के रूप में शामिल किया गया है। इसके तहत रूसी भाषा की 101 मिनट की फीचर फिल्म 'न्यू होम' का विश्व प्रीमियर आईएफएफआई में किया जा रहा है। ग्रुशिन ने बताया कि लंबे समय तक जेल में रहने के बाद पुनर्वास की प्रक्रिया से गुजर रहे लोगों के साथ बातचीत के दौरान उन्हें उनकी कठिनाइयों का अहसास हुआ। उन्होंने पाया कि समाज में दोबारा जगह बनाने और सामान्य जीवन शुरू करने के उनके संघर्ष पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। इसी अनुभव ने उन्हें इस विषय पर फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया। यह उनकी पहली ऐसी फीचर फिल्म है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जा रहा है।
फिल्म की कहानी अन्ना नाम की महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सात साल जेल में बिताने के बाद बाहर आती है। उसके पास न पैसा है, न परिवार और न ही भविष्य की कोई स्पष्ट दिशा। सामाजिक सेवाओं की मदद से उसे नौकरी और रहने की जगह मिलती है। इसी दौरान वह रोमन से मिलती है और एक सहायता समूह का हिस्सा बनती है। अपनी जिंदगी को दोबारा संवारने की कोशिश में उसे अपने अतीत, अपराधबोध और आंतरिक संघर्षों का सामना करना पड़ता है। आखिरकार उसे एक कठिन फैसला लेना होता है, जो उसके भविष्य को तय कर सकता है।
ग्रुशिन ने कहा कि फिल्म की मुख्य पात्र अन्ना किसी एक वास्तविक व्यक्ति पर आधारित नहीं है। उन्होंने इस किरदार को उन कई लोगों के अनुभवों और बातचीत से प्रेरित होकर विकसित किया है, जो जेल से बाहर आने के बाद सामान्य जीवन में लौटने की कोशिश कर रहे थे। फिल्म में अपराधबोध, क्षमा, पुनर्वास और जिंदगी को नए सिरे से शुरू करने की संभावनाओं को दिखाया गया है।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफर एकातेरिना स्मोलिना ने निर्देशक के साथ अपने रचनात्मक संबंधों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि दोनों फिल्म स्कूल के समय से एक-दूसरे को जानते हैं और इससे पहले तीन लघु फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। लंबे समय की दोस्ती और एक-दूसरे की कार्यशैली की समझ ने फिल्म निर्माण के दौरान सहजता बनाए रखी।
भारत और रूस के बीच फिल्म निर्माण में सहयोग की संभावनाओं पर ग्रुशिन ने कहा कि दोनों देशों के बीच सिनेमा का पुराना रिश्ता रहा है। सोवियत संघ के समय भारतीय फिल्में रूस में बेहद लोकप्रिय थीं और आज भी वहां के दर्शकों के दिलों में भारतीय सिनेमा के लिए खास जगह है। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच भविष्य में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में सहयोग की काफी संभावनाएं हैं। यह साझेदारी केवल निवेश और तकनीक तक सीमित नहीं रहनी चाहिए बल्कि दोनों देशों के लोगों के आपसी संबंधों और सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाने वाली कहानियों को भी बढ़ावा देना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर