आसमान में दिखा भारतीय वायु सेना का पराक्रम, हवाई करतबों से गूंज उठा छत्तीसगढ़ राज्योत्सव

 












- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में सेंध झील के ऊपर हुआ भव्य एयर शो

रायपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के रंगारंग आयोजनों के बीच रविवार को नवा रायपुर अटल नगर की सेंध झील के ऊपर भारतीय वायु सेना ने अपने शानदार हवाई प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। आसमान में एक के बाद एक हैरतअंगेज करतबों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

भारतीय वायु सेना की आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम, एमआई-17 हेलीकॉप्टर और स्वदेशी सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से वायु सेना के अदम्य साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और बेहतरीन तालमेल का परिचय दिया।

एयर शो की रोमांचक प्रस्तुतियों में आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम का प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहा। आसमान से सटीक पैराशूटिंग करते हुए टीम के सदस्यों ने साहस, अनुशासन और आपसी समन्वय का अद्भुत उदाहरण पेश किया। आसमान में लहराते पैराशूट और सटीक लैंडिंग ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

एमआई-17 ने दिखाया सैन्य अभियानों में अपनी ताकत और फुर्ती का दम

एमआई-17 हेलीकॉप्टर के प्रदर्शन ने सैन्य अभियानों में भारतीय वायु सेना की परिचालन क्षमता की प्रभावशाली झलक दिखाई। हेलीकॉप्टर ने तेजी से प्रदर्शन क्षेत्र में प्रवेश किया और लैंडिंग क्षेत्र का आकलन करने के बाद उतरकर गरुड़ कमांडो को तैनात किया। इसके बाद एक काल्पनिक सैन्य परिस्थिति में कमांडो ने जमीन पर मौजूद दल को मजबूती प्रदान की।

हेलीकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरते हुए नियंत्रित पार्श्व गति, एक ही स्थान पर घूमकर दिशा बदलने सहित कई आकर्षक हवाई युद्धाभ्यास प्रदर्शित किए। इस दौरान एमआई-17 की चपलता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और पायलटों के उत्कृष्ट समन्वय ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया। प्रदर्शन के माध्यम से सैनिकों की तैनाती, परिचालन सहायता, घायलों की निकासी, खोज एवं बचाव तथा मानवीय सहायता जैसे अभियानों में इस हेलीकॉप्टर की बहुउपयोगिता भी सामने आई।

स्वदेश में विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) 'ध्रुव' पर आधारित भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से समां बांध दिया। हेलीकॉप्टरों की समन्वित उड़ान संरचनाओं और सटीक हवाई करतबों ने आसमान में रोमांचक नजारा पेश किया। इस प्रस्तुति ने भारतीय वायु सेना के उत्कृष्ट उड़ान कौशल, टीम भावना और देश की स्वदेशी विमानन तकनीक की क्षमता को प्रदर्शित किया।

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान आयोजित इस एयर शो ने भारतीय वायु सेना और प्रदेश के नागरिकों के बीच जुड़ाव को और मजबूत किया। साथ ही युवाओं को सैन्य विमानन, अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करने का अवसर भी प्रदान किया।

हवाई प्रदर्शन का रोमांच अभी जारी रहेगा। भारतीय वायु सेना की ओर से सोमवार, 02 नवंबर 2026 को भी नवा रायपुर अटल नगर की सेंध झील के ऊपर सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक भव्य हवाई प्रदर्शन किया जाएगा। दर्शकों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समय से पहले आयोजन स्थल पर पहुंचें और स्थानीय प्रशासन एवं आयोजन कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर