महाराष्ट्र में जल संसाधन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक

 




- सीआर पाटिल की उपस्थिति में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर हुई यह बैठक

नई दिल्ली, 27 मई (हि.स)। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल की उपस्थिति में बुधवार को महाराष्ट्र में जल संसाधन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई।

जल शक्ति मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया कि आज केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की उपस्थिति में महाराष्ट्र में जल संसाधन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा ताई पवार एवं महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रिगण राधाकृष्ण विखे पाटिल, गिरीश महाजन, गुलाबराव पाटिल और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकारें प्रत्येक व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जल शक्ति मंत्रालय एवं महाराष्ट्र राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। विशेष रूप से जल संसाधन प्रबंधन, जल जीवन मिशन, सिंचाई अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा जल संचय जनभागीदारी योजना के बेहतर क्रियान्वयन सम्बन्धी विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इस बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। इसमें महाराष्ठ के सभी जिला कलेक्टर, नगर आयुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस बैठक से जुड़े। इसके अलावा जल शक्ति मंत्रालय एवं महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारीगण भी बैठक में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर