स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को जारी की हीट वेव के लिए सलाह

 


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। देश में भीषण गर्मी को देखते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को सभी राज्यों औऱ केन्द्र शासित प्रदेशों के लिए एक स्वास्थ्य सलाह जारी की। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिया है कि वे सभी स्वास्थ्य केंद्रोंमें हीट स्ट्रोक प्रबंधन यूनिट सक्रिय करें। इसके साथ एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखें।

स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव द्वारा लिखी गई चिट्ठी में कहा गया कि मौसम विभाग के अप्रैल से जून के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक लू के दिन रहने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों और ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी लू का प्रभाव देखने को मिल सकता है।

इस स्थिति को देखते हुए केंद्र ने राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को सभी स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक प्रबंधन यूनिट सक्रिय करने, एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह तैयार तरह सजग रखने, समय पर चेतावनी (अर्ली वार्निंग) लोगों तक पहुंचाने, हीट स्ट्रोक के मामलों की रियल-टाइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने विश्वास जताया है कि सही योजना और समन्वय से राज्यों द्वारा लू के प्रभाव को कम किया जा सकता है। अधिकारियों से अपील की गई है कि वे व्यक्तिगत रूप से तैयारियों की समीक्षा करें, ताकि गर्मी से होने वाली मौतों और बीमारियों को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी