हरियाणा के भाजपा विधायकों ने प्रधानमंत्री से की मुलाकात, जनकल्याण और बेहतर जनसेवा पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के सभी 48 भाजपा विधायकों ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से यहां मुलाकात की और जनसेवा तथा जनकल्याण के काम को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज 7, लोक कल्याण मार्ग पर हरियाणा के सभी भाजपा विधायकों से मुलाकात बहुत सुखद रही। उनसे कई विषयों पर बेहद सार्थक संवाद हुआ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बैठक में जनता-जनार्दन की बेहतर से बेहतर सेवा के साथ ही जनकल्याण के लिए और प्रभावी तरीके से काम करने पर भी चर्चा हुई।’’
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता समेत राज्य के 48 भाजपा विधायक शामिल हुए।
यह मुलाकात हरियाणा में भाजपा के संगठनात्मक स्तर पर हाल में हुए बदलावों के बाद हुई है। प्रधानमंत्री ने बैठक में विधायकों के साथ राज्य में शासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार