हर्ष मल्होत्रा ने संभाला भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार
नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) दिल्ली प्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने गुरुवार को कार्यभार संभाल लिया। प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने उन्हें कार्यभार सौंपा।
इस मौके पर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, पूर्व अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय, सांसद मनोज तिवारी एवं आदेश गुप्ता, दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद एवं कपिल मिश्रा, महापौर प्रवेश वाही, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी सहित कई नेता मौजूद रहे।
इस मौके पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी और रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री बनीं। यह सब दिल्ली में हमारे हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और हमारे निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के प्रेरणादायक नेतृत्व का परिणाम है।
मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा में जिम्मेदारियां 400 मीटर की रिले दौड़ की तरह होती हैं, आज वीरेन्द्र सचदेवा ने मुझे यह जिम्मेदारी रूपी बैटन सौंपी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ और नेतृत्व के मार्गदर्शन में दिल्ली में भाजपा को आगे बढ़ाने तथा दिल्ली सरकार के कार्यों को और गति देने के लिए काम करेंगे।
दिल्ली भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि हर्ष मल्होत्रा को एक प्रशासक के रुप में मेयर, सांसद और मंत्री के रुप में काम का अनुभव है तो दूसरी तरफ एक संगठक के रूप में भी लंबा अनुभव है। पिछले 25 सालों से हम एक दूसरे के साथ काम कर रहे हैं और उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलने वाला है। उनके नेतृत्व में हमारा संगठन लगातार उन ऊंचाइयों को छुएगा, जिनकी हम सब कल्पना करते हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी