हरिशंकर वर्मा ने रेलवे बोर्ड में परिचालन एवं व्यवसाय विकास सदस्य का कार्यभार संभाला

 


नई दिल्ली, 02 फरवरी (हि.स.)। वर्ष 1987 बैच के आईआरटीएस अधिकारी हरिशंकर वर्मा ने सोमवार को रेलवे बोर्ड में सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) का पदभार ग्रहण कर लिया। इसके साथ ही वे भारत सरकार में पदेन सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। इससे पहले वर्मा रेलवे बोर्ड में महानिदेशक (सुरक्षा) के पद पर कार्यरत थे।

अपने लंबे करियर के दौरान वर्मा ने भारतीय रेल में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। इनमें मध्य रेलवे, मुंबई में अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण रेलवे के सेलम मंडल में मंडल रेल प्रबंधक, मध्य रेलवे मुंबई में मुख्य यात्री यातायात प्रबंधक, दक्षिण पश्चिम रेलवे हुबली में प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक तथा लखनऊ स्थित भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक जैसे पद शामिल हैं। इन सभी पदों पर रहते हुए उन्होंने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।

रेलवे बोर्ड में महानिदेशक (सुरक्षा) के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय रेल की सुरक्षा व्यवस्था ने नई ऊंचाइयां छुईं। प्रक्रिया सुधार पर विशेष ध्यान देने के कारण परिणामी दुर्घटनाओं की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।

वर्मा को दो बार रेल मंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें महाप्रबंधक स्तर पर भी कई पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उन्होंने सिंगापुर, मलेशिया और इटली से प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त किया है और वे रेलवे यातायात एवं प्रबंधन के विशेषज्ञ के रूप में व्यापक रूप से जाने जाते हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार