पंजाब सरकार ने सुरक्षा वापस ली, अब हरभजन सिंह भज्जी के साथ रहेंगे सीआरपीएफ के जवान

 

चंडीगढ़, 26 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब सरकार ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में जाने वाले राज्य सभा सांसदों के विरूद्ध शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रविवार को पंजाब सरकार ने क्रिकेटर एवं राज्य सभा सांसद हरभजन सिंह भज्जी को दी गई पंजाब पुलिस की सुरक्षा वापस ले ली। इसके कुछ समय बाद ही उन्हें केंद्र सरकार की तरफ से सीआरपीएफ की सुरक्षा प्रदान कर दी गई।

भज्जी से पहले पंजाब सरकार ने राघव चढ्ढा की सुरक्षा भी वापस ली थी। हरभजन सिंह को पंजाब सरकार की तरफ से बतौर राज्य सभा सांसद वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई थी। उनके जालंधर स्थित घर पर तैनात पंजाब पुलिस के जवानों को तुरंत वापस बुला लिया गया है। पंजाब पुलिस की सुरक्षा वापस होने के कुछ समय बाद ही केंद्र सरकार ने भज्जी को सीआरपीएफ की सिक्योरिटी दे दी। उनके घर के बाहर ये जवान तैनात कर दिए गए हैं। आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चढ्ढा ने गत दिवस हरभजन सिंह के भी आम छोडऩे का दावा किया था। भज्जी ने अभी तक खुलकर इस बारे में कुछ नहीं बोला है।

इस बीच पंजाब से राज्य सभा सांसद विक्रमजीत साहनी ने रविवार को एक चैनल से बातचीत में दावा किया कि उन्होंने कभी भी आम आदमी पार्टी को ज्वाइन नहीं किया। उन्होंने कहा कि आम सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल ने उनसे इस्तीफा मांगा था लेकिन सलाहकारों से बातचीत के बाद उन्होंन इस्तीफा नहीं दिया। पंजाब इस समय आईसीयू में है। इसे बचाने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग की जरूरत है।

उधर चंडीगढ़ में पहुंचे आप के राज्य सभा सांसद संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने पत्रकारो से बातचीत में कहा कि राघव चड्ढा ने आजाद ग्रुप बनाने की बात कहकर मुझे 16, 17 और 18 अप्रैल को चाय पर बुलाया था, लेकिन मैं वहां नहीं गया। मैंने उन्हें किसी तरह का आजाद ग्रुप बनाने या उसमें शामिल होने से मना कर दिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा