हाजियों की वतन वापसी का सिलसिला हुआ पूरा

 


नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। । दिल्ली और देश के अन्य स्थानों से पवित्र हज यात्रा पर गए हजियों की वापसी का सिलसिला आज पूरा हो गया है। दो जून से हज 2026 के यात्रियों की वापसी शुरू होने के बाद मंगलवार की भोर में 3:27 बजे सऊदी अरबियन एयरलाइंस की 54वीं एवं अंतिम चार्टर्ड उड़ान एस.वी-5900 के दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के साथ ही उत्तर भारत के सबसे बड़े हज एम्बार्केशन प्वाइंट से हज यात्रा पर गए 21,032 हाजियों की वतन वापसी का सिलसिला सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया।

एयरपोर्ट पर दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहाँ, कार्यपालक अधिकारी अशफाक अहमद आरिफी, उप कार्यपालक अधिकारी मोहसिन अली तथा हज कमेटी के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अंतिम उड़ान से लौटे 318 हाजियों का स्वागत किया। इस अवसर पर एयरपोर्ट, सऊदी एयरलाइंस तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

चेयरपर्सन कौसर जहाँ ने शांतिपूर्ण एवं सफल हज संपन्न होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दिल्ली सरकार, भारत सरकार, दिल्ली एयरपोर्ट, सऊदी एयरलाइंस तथा सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष खाड़ी देशों की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बिना किसी व्यवधान के सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण हज का सफल संचालन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका विकास, सबका प्रयास की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।

दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यपालक अधिकारी अशफाक अहमद आरफी ने हज ऑपरेशन 2026 के अंतर्गत कमेटी द्वारा किए गए कार्यों का विवरण देते हुए बताया कि वर्ष 2026 में दिल्ली स्टेट हज कमेटी के माध्यम से हज यात्री 18 अप्रैल से 20 मई के बीच हज यात्रा पर रवाना हुए तथा 2 जून से 30 जून के बीच वापस लौटे 21,032 हाजी देश के 29 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से थे। इनमें दिल्ली के 3,212 यात्री शामिल थे।

हज 2026 के हाजियों की वतन वापसी पूर्ण होने से पहले ही हज 2027 के लिए आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जो 20 जुलाई तक जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार /मोहम्म्द ओवैस

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Abdul Wahid