छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सली डंप से हथियार और विस्फाेटक बरामद
नारायणपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप बरामद किया है। इसमें हथियार, विस्फाेटक, संचार उपकरण, इलेक्ट्रानिक सामग्री, चिकित्सा सामग्री, नक्सल साहित्य और अन्य सामग्री है। बरामद 44 बीजीएल शेल को सुरक्षा की दृष्टि से बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
नारायणपुर एसपी संदीप कुमार पटेल के अनुसार बीएसएफ की 133वीं वाहिनी, सोनपुर की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कदेर के जंगल में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में सामग्री छिपाकर रखा है। इस सूचना के आधार पर टीम ने क्षेत्र में सर्चिंग के दाैरान बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए संदिग्ध स्थान की जांच की। खुदाई के दौरान जमीन के भीतर से हथियार और अन्य नक्सल सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामग्री में एक 303 राइफल, छह 315 राइफल, एक 12 बोर बंदूक, दो बीजीएल, विभिन्न प्रकार के 179 कारतूस, .303 राइफल की मैगजीन, आरएफ डिटेक्टर, एंटीना, आइडी आपरेटिंग मैकेनिज्म, जीपीएस, नक्सली वर्दी, नक्सली बैनर, फोटो, बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य, चिकित्सा सामग्री, जनरेटर मैनुअल, छह पेन ड्राइव, 78 मेमोरी कार्ड तथा अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है। सुरक्षा कारणों से बरामद 24 बड़े और 20 छोटे, कुल 44 बीजीएल शेल को बीडीएस ने मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। इसलिए इन्हें जब्ती सूची में शामिल नहीं किया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद अन्य सामग्री के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नक्सल हिंसा मुक्त क्षेत्रों में सुरक्षाबलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके तथा क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।
________________
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे