दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसा, वडोदरा के एक ही परिवार के चार लोगों की हुई मौत
पंचमहल, 27 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पंचमहल जिले के कालोल के पास साेमवार काे एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही कार पर चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार पांच लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग वडोदरा के रहने वाले थे। खींजी परिवार के सभी सदस्य राजस्थान से वापस लौट रहे थे, तभी कालोल के पास यह हादसा हो गया। मृतकों में साजिद इकबाल खींजी (55 वर्ष), इलियास इकबाल खींजी (50 वर्ष), इशाक इकबाल खींजी (48 वर्ष) और रेहान अजगर खींजी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से वडोदरा में शोक की लहर दौड़ गई है।
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कार में फंसे मृतकाें को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कालोल की रेफरल अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल, इस मामले में पंचमहल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार के डिवाइडर पार करने के कारणों और हादसे के समय वाहन की गति की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह माना जा रहा है कि चालक के नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे