दक्षिण गुजरात में भारी बारिश से 61 ट्रेनें रद्द, रेल सेवाएं आंशिक रूप से बहाल

 

अहमदाबाद/सूरत, 24 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश का असर दूसरे दिन भी रेल सेवाओं पर पड़ा है। पश्चिम रेलवे ने शुक्रवार को 61 ट्रेनों को रद्द कर दिया। इनमें वंदे भारत एक्सप्रेस, कर्णावती एक्सप्रेस, डबल डेकर, शताब्दी एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अहमदाबाद से मुंबई की ओर जाने वाले ट्रैक के एक हिस्से पर यातायात बहाल कर दिया गया है और ट्रेनों का संचालन फिलहाल सीमित गति से शुरू किया जा रहा है। हालांकि मुंबई से अहमदाबाद की दिशा वाला ट्रैक अभी भी प्रभावित है।

रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में हापा–मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस (12268), इंदौर–मुंबई सेंट्रल दुरंतो (12228), हजरत निजामुद्दीन–बांद्रा टर्मिनस गरीब रथ एक्सप्रेस (12910), हजरत निजामुद्दीन–मुंबई सेंट्रल अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस (12954), हरिद्वार–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (19019) और बांद्रा टर्मिनस–जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12480) शामिल हैं।

इसके अलावा आनंद–वडोदरा मेमू, वडोदरा–सूरत मेमू, भरूच–सूरत मेमू, वडोदरा–दहानू रोड, विरार–भरूच और बांद्रा टर्मिनस–उधना स्पेशल सहित कई लोकल और पैसेंजर ट्रेनें भी रद्द की गई हैं।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि सूरत से मुंबई (अप लाइन) पर ट्रेनों का संचालन सीमित गति से शुरू कर दिया गया है, जबकि मुंबई से सूरत (डाउन लाइन) को जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

रेलवे की इंजीनियरिंग टीमें बिलीमोरा सहित तीन स्थानों पर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कर रही हैं, जहां गुरुवार की भारी बारिश के कारण रेल यातायात रोकना पड़ा था।

मुंबई–गुजरात रेल कॉरिडोर देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में से एक है। लगातार दूसरे दिन ट्रेनों के रद्द होने और देरी के कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस अवश्य जांचने की अपील की है। मौसम और ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही सभी सेवाएं पूरी तरह बहाल की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे