(अपडेट) गुजरात के उमरेठ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के हर्षद परमार जीते

 


आणंद, 04 मई (हि.स.)। गुजरात के आणंद जिले की उमरेठ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना दबदबा कायम रखते हुए शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार हर्षदभाई गोविंदभाई परमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के भृगुराजसिंह चौहान को 30,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया।

निर्वाचन आयोग के अनुसार भाजपा उम्मीदवार हर्षदभाई गोविंदभाई परमार ने कुल 85500 मत पाकर जीत दर्ज की। कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार भृगुराजसिंह चौहान को कुल 54757 वोट मिले। दोनों में जीत हार का अंतर 30743 वोट का रहा। तीसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार महेंद्रभाई नटवरभाई परमार को मात्र 786 वोट मिले।

यह सीट तत्कालीन भाजपा विधायक गोविंद परमार के निधन के कारण खाली हुई थी। भाजपा ने उनके पुत्र हर्षदभाई को उम्मीदवार बनाया था, जिन्होंने पार्टी का गढ़ बरकरार रखा।

कांग्रेस उम्मीदवार भृगुराजसिंह चौहान ने अपनी हार स्वीकार करने के साथ ही ईवीएम पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम में गड़बड़ी की आशंका है और हार का कारण ईवीएम में तकनीकी समस्या हो सकती है।

इस उपचुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था, जिसमें करीब 59.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। चुनाव मैदान में कुल 6 उम्मीदवार थे, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के हर्षदभाई परमार और कांग्रेस के भृगुराजसिंह चौहान के बीच था। उमरेठ सीट पर लगभग 2.45 लाख मतदाताओं के लिए प्रशासन द्वारा 306 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे