सूरत के एएम/एनएस प्लांट में बवाल: वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने की आगजनी
सूरत, 26 फरवरी (हि.स.)। गुजरात के सूरत में हजीरा स्थित आर्सेलर मित्तल निप्पोन स्टील (एएम/एनएस) प्लांट साइट पर गुरुवार को हंगामा हो गया। वेतन वृद्धी समेत अन्य मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे कर्मचारी अचानक उग्र हो गए। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। प्रदर्शनकारियो ने तोड़फोड़ की और कई गाड़ियों को आग लगा दी।
प्लांट साइट पर सुबह लार्सन एंड टुब्रो (एल-एंड-टी) द्वारा नियुक्त हजारों कर्मचारी अचानक काम छोड़कर हड़ताल पर चले गए। कर्मचारी वेतन वृद्धि नहीं होने और काम के घंटों बढ़ोतरी को लेकर नाराज थे।शुरुआत में हड़ताल शांति से हो रही थी, लेकिन अचानक कुछ कर्मचारियों ने हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने प्लांट परिसर में खड़ी 10 से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़ की और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कंपनी की फायर फाइटर गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया, जबकि कई मोटरसाइकिल को जला दिया गया। प्लांट के एंट्री और एग्जिट गेट पर लगी अत्याधुनिक मशीनों को भी तोड़ दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए प्लांट का कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने ऑफिस में घुसकर फर्नीचर और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के पानीपत में एक कर्मचारी की मौत से जुड़ा वीडियो व्हाट्सएप पर वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर तनाव बढ़ा। सूरत की डीसीपी शेफाली बरवाल ने बताया कि वायरल कंटेंट ने कर्मचारियों को भड़काने का काम किया, जिसके बाद स्थिति तेजी से बेकाबू हो गई।
एएम/एनएस इंडिया कंपनी ने बयान जारी कर बताया कि प्लांट साइट पर एल एंड टी द्वारा नियुक्त किए गए श्रमिकों के एक समूह ने आज अपनी संस्था (एल एंड टी) के विरुद्ध कुछ मांग प्रस्तुत करने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। एल एंड टी प्रबंधन श्रमिकों के साथ चर्चा कर स्थिति को शीघ्रता से संभाल रहा है। स्थानीय प्रशासन भी स्थल पर स्थिति के प्रबंधन में सक्रिय रूप से शामिल है।
लार्सन एंड टुब्रो ने बयान जारी कर कहा है कि गुजरात सरकार द्वारा लेबर कोड का नोटिफिकेशन जारी होते ही कंपनी उसे तत्काल प्रभाव से लागू करेगी।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे