छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में खदान ठेकेदार के ठिकानों पर जीएसटी की छापेमारी

 


कांकेर, 02 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जिले के भानुप्रतापपुर में शुक्रवार देर रात जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने खदान ठेकेदार अरविंद साहू के निवास और कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई ठेकेदार के बाजारपारा स्थित निवास और दल्ली रोड स्थित कार्यालय में एक साथ की गई। इस कार्रवाई में दिल्ली और रायपुर से आए जीएसटी अधिकारियों की संयुक्त टीम शामिल थी।

हालांकि छापेमारी के पीछे के कारणों को लेकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान अब तक सामने नहीं आया है। दिल्ली और रायपुर से पहुंचे अधिकारियों ने दो अलग-अलग वाहनों में आकर यह कार्रवाई की, जो रात करीब 11 बजे शुरू होकर एक बजे तक चली। इस पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया था, यहाँ तक कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन को भी इसकी पहले से जानकारी नहीं थी। टीम ने पूरी जांच चुपचाप पूरी की और निर्धारित समय के भीतर लौट गई। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं के संदेह में की गई है।

जीएसटी टीम ने खदान ठेकेदार अरविंद साहू के भानुप्रतापपुर के बाजार पारा स्थित निवास और दल्ली राजहरा रोड स्थित कार्यालय को एक साथ खंगाला। छापेमारी के दौरान वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों, कंप्यूटर रिकार्ड और अन्य इलेक्ट्रानिक डिवाइस की गहन जांच की गई। अधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि टीम अपने साथ कार्यालय से प्रिंटर और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर गई है।

अरविंद साहू और उनकी फर्म 'अरविंद कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर' पहले भी विभाग की रडार पर रहे हैं। इससे पहले 20 नवंबर 2024 को भी स्टेट जीएसटी कमिश्नर के नेतृत्व में एक बड़ी कार्रवाई की गई थी। उस समय उनके रायपुर (जोरा स्थित मुख्यालय) और भानुप्रतापपुर के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई थी। पिछली बार भी यह कार्रवाई जीएसटी चोरी और फर्जी बिलों की शिकायतों के आधार पर की गई थी। अरविंद साहू नीको जायसवाल ग्रुप की खदानों में ठेका कार्य और परिवहन से जुड़े हुए हैं।

_____________________

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे