भूपेन हजारिका जन्म शताब्दी समारोह का समापन कल नई दिल्ली में
-प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में भारत मंडपम में होगा आयोजन-पहली बार भूपेन हजारिका राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होंगी उषा मंगेशकर-असम के करीब 1,000 कलाकार प्रस्तुत करेंगे सुधाकंठ के कालजयी गीत
गुवाहाटी, 28 नवंबर (हि.स.)। भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह का भव्य समापन 29 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में सुधाकंठ की कालजयी रचनाओं, उनकी मानवतावादी विचारधारा और असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम सरकार ने जन्म शताब्दी समारोह को ऐतिहासिक सांस्कृतिक महोत्सव के रूप में आयोजित किया है। असम के महान सांस्कृतिक व्यक्तित्व को देश की राजधानी में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने का यह आयोजन असमिया संस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
समारोह का प्रमुख आकर्षण डॉ. भूपेन हजारिका के नाम पर पहली बार प्रदान किया जाने वाला राष्ट्रीय पुरस्कार होगा। इसके लिए प्रतिष्ठित गायिका उषा मंगेशकर का चयन किया गया है। उन्हें प्रशस्ति पत्र और 10 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार संगीत और गायन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की पहल है।
समारोह में असम के करीब 1,000 गायक-गायिकाएं 'मानूहे मानूहर बाबे' और 'वी आर इन द सेम बोट, ब्रदर' जैसे दो कालजयी गीत प्रस्तुत करेंगे। इन गीतों के माध्यम से मानवता, एकता और विश्वबंधुत्व का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा देश के प्रतिष्ठित कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। विशेष प्रदर्शनियों के माध्यम से डॉ. हजारिका के जीवन, रचनाओं और योगदान को भी प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में करीब 5,000 अतिथियों और प्रशंसकों के शामिल होने की संभावना है।
असम के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, सांस्कृतिक समूहों और भाजपा कार्यकर्ताओं सहित करीब 1,400 प्रतिनिधि नई दिल्ली पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं। यह व्यापक भागीदारी सुधाकंठ के प्रति असम के लोगों की श्रद्धा और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाती है।
असम प्रदेश भाजपा की मीडिया पैनलिस्ट उमी डेका बरुवा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि डॉ. भूपेन हजारिका साहित्यकार, पत्रकार, फिल्म निर्देशक, प्रोफेसर, शोधकर्ता और राष्ट्रवादी चिंतक के रूप में असम के सामाजिक जीवन के हर पहलू से जुड़े रहे। उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए भाजपा नेतृत्व वाली सरकार ने समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए हैं। उनकी जन्म शताब्दी का आयोजन पिछले वर्ष आठ सितंबर से शुरू हुआ था।
असम सरकार ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की अध्यक्षता में गठित शताब्दी समारोह समिति के माध्यम से वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। इनका उद्देश्य डॉ. हजारिका के दर्शन, संगीत, साहित्य, संस्कृति और मानवीय विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
पिछले वर्ष 13 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में आयोजित जन्म शताब्दी समारोह में लोगों को संबोधित किया था। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए करीब 1,200 कलाकारों ने डॉ. हजारिका के 14 अमर गीतों को संकलित कर असमिया, बंगाली, हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में 18 मिनट की संगीतमय प्रस्तुति दी थी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार अनुराधा शर्मा पूजारी की ओर से लिखित सुधाकंठ की जीवनी 'भारतरत्न भूपेन हजारिका- गीतर चित्रकर सुरर भास्कर' का विमोचन किया था। असमिया भाषा में प्रकाशित इस जीवनी का संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल अन्य 21 भाषाओं में अनुवाद कराने की पहल भी की गई।
जन्म शताब्दी समारोह के तहत असम सरकार ने डॉ. भूपेन हजारिका संग्रहालय निर्माण, जीवनी प्रकाशन, 100 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापना, विभिन्न शहरों में उनके नाम पर सड़कें समर्पित करने, बिहू उत्सव में विशेष आयोजन, कोलकाता स्थित उनके आवास के संरक्षण, पर्यावरण कला विभाग की स्थापना, राष्ट्रीय पुरस्कार शुरू करने और विशेष वृत्तचित्र निर्माण जैसी कई पहल की हैं।
जन्म शताब्दी समारोह के समापन पर सरकार का उद्देश्य सुधाकंठ के संगीत, साहित्य, फिल्म और सामाजिक जीवन में योगदान को उपयुक्त श्रद्धांजलि देना है। उनकी रचनाओं में समाहित मानवता, समन्वय और विश्वबंधुत्व का संदेश आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में आयोजित यह समारोह असम की सांस्कृतिक पहचान, परंपरा और गौरव को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अध्याय माना जा रहा है। डॉ. भूपेन हजारिका की कालजयी रचनाएं और उनकी सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेंगी।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय