गोरखपुर में आकाशीय बिजली गिरने से हुए हादसे का सीएम ने लिया संज्ञान

 

जिला प्रशासन को दिए निर्देश, मृतकों के परिजनों को शासन से अनुमन्य सहायता राशि शीघ्रता से उपलब्ध कराई जाए

गोरखपुर, 6 सितंबर। गोरखपुर में राप्ती नदी के राजघाट पर एक गुम्बदनुमा छज्जा पर आकाशीय बिजली गिरने से हुए हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवेदनशीलतापूर्वक संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए आकाशीय बिजली से मृत्यु की दशा में अनुमन्य चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि मृतकों के परिजनों को शीघ्रता से उपलब्ध कराने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।

हादसे की प्रत्यक्षदर्शी राजघाट पर ही दुकान चलाने वाली गुलजारी निषाद ने बताया कि रविवार पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे अचानक तेज आवाज के साथ, घाट पर निर्मित गुम्बदों में से एक गुम्बद पर आकाशीय बिजली गिरी। इस हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवेदना जताते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश जारी किए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ऐसी आपदा में शासन से अनुमन्य सहायता राशि देने के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि आवश्यकतानुसार मुख्यमंत्री राहत कोष से भी धनराशि दी जाएगी।