गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने परिवार के साथ प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

 


नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को नई दिल्ली में परिवार सहित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उनके पिता पांडुरंग सावंत, पत्नी सुलक्षणा सावंत और बेटी पार्थिवी भी मौजूद रहीं।

डॉ. प्रमोद सावंत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री से ‘सेवा तीर्थ’ में परिवार सहित मिलना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात रही। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात उनके पिता के लिए विशेष रूप से भावुक क्षण था, जिन्होंने जनसंघ के माध्यम से सामाजिक कार्यों की शुरुआत की थी और जीवनभर सेवा की भावना को आगे बढ़ाया।

गोवा के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह देश सेवा के लिए करोड़ों कार्यकर्ताओं को लगातार प्रेरित कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार