गुजरात के सूरत में महाराष्ट्र की दो एसटी बसों की टक्कर के बाद लगी आग, 7 यात्रियों की मौत
सूरत, 02 जून (हि.स.)। गुजरात के सूरत जिले के बारडोली के निकट उवा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम एक महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (एसटी) की दो बसों के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद एक बस में आग लग गई, जिससे सात यात्रियों की मौत हो गई जबकि कई लाेग घायल हो गए। अभी मृतकाें और घायलाें की शिनाख्त नही हाे सकी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। हादसे की जानकारी पर पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और तत्परता से राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
बताया जा रहा है कि इस हादसे का कारण हाइवे पर एक टैंकर का पलटना बना। इस टैंकर को बचाने के प्रयास में पीछे से आ रही महाराष्ट्र परिवहन निगम की एक बस के चालक ने अपने वाहन से नियंत्रण खो दिया। उसकी अनियंत्रित बस डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा की लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी एसटी बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस पलट गई। दुर्घटनाग्रस्त बसों में से एक सीएनजी संचालित थी, जिसके कारण टक्कर के कुछ ही क्षण बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कई यात्री बस में फंस गए, जबकि अन्य यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
इस बाबत सूरत के कलेक्टर तेजस पटेल ने सात लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है ताकि मृतकों की संख्या न बढ़े। उन्होंने कहा कि सभी मृतकों की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उनके परिजनों को शव सौंपे जाएंगे। इस संबंध में महाराष्ट्र के धुले जिला प्रशासन से भी संपर्क किया गया है।
कलेक्टर के अनुसार हादसा शाम करीब साढ़े चार बजे हुआ था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बारडोली फायर विभाग, पुलिस, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों का उपचार बारडोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सूरत सिविल अस्पताल और अन्य अस्पतालों में किया जा रहा है। बारडोली सीएचसी में करीब 17 घायलों का इलाज चल रहा है। जबकि सात घायलों को सूरत सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के कारण हाइवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों की स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे