ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे : गिरिराज सिंह
सूरत, 09 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह शुक्रवार को तीन दिवसीय दौरे पर गुजरात के सूरत पहुंचे। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्या राहुल गांधी देश में अराजकता
फैलाना चाहते हैं? वे आज अपने टेक्सटाइल उद्योग के दौरे के दौरान सर्किट हाउस में मीडिया के विभिन्न सवालों के जवाब दे रहे थे।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री सिंह ने राहुल गांधी के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और उनकी राजनीतिक गतिविधियों सहित टेक्सटाइल श्रमिकों की साप्ताहिक छुट्टी और देश की अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी।
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर कहा कि यदि राहुल गांधी खुद को अयोग्य मानते हैं तो उन्हें लोकसभा से इस्तीफा दे देना चाहिए, लेकिन ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे। राहुल के ‘दिल्ली चलो’ आह्वान और विपक्ष के आंदोलनों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हाेंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में बांग्लादेश और नेपाल जैसी अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं।
सूरत के टेक्सटाइल उद्योग में श्रमिकों को साप्ताहिक छुट्टी नहीं मिलने, छुट्टी मांगने पर नौकरी से निकाले जाने और 12 घंटे तक काम कराने से जुड़े सवाल भी बातचीत में उठाए गए। इस पर केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि मिल मालिक और मजदूर एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि वे मिल मालिकों और मजदूरों के बीच संबंधों के विरोधी नहीं हैं और दोनों पक्षों के बीच बेहतर तालमेल होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वे आगे बातचीत करेंगे और फिर सवालों के जवाब देंगे। साप्ताहिक छुट्टी, कार्य अवधि और नौकरी से निकाले जाने की शिकायतों पर उन्होंने किसी ठोस निर्णय या समयसीमा की घोषणा नहीं की।
सूरत से श्रमिकों के दूसरे राज्यों में जाने और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए इसे विपक्ष की ओर से बनाया गया भ्रामक प्रचार बताया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण अन्य राज्यों में भी रोजगार के अवसर बढ़े हैं और स्थानीय स्तर पर काम मिलने से श्रमिकों का बाहर जाना कम हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने बातचीत के दौरान कोई विस्तृत आंकड़ा या सर्वेक्षण प्रस्तुत नहीं किया।
टेक्सटाइल क्षेत्र में मंदी और कंपनियों की ओर से कीमतें बढ़ाए जाने के सवाल पर सिंह ने वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध के प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्पादों की कीमतों में वृद्धि की जांच करेंगे और उसके बाद सवालों का जवाब दे सकेंगे। उन्होंने नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की आर्थिक प्रगति का दावा करते हुए अर्थव्यवस्था के आकार में वृद्धि का उल्लेख किया। उनके अनुसार, अर्थव्यवस्था पहले लगभग 19 लाख करोड़ रुपये की थी, जो अब 80 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। यह आंकड़ा उन्होंने अपने बयान में दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे