भाजपा ने नशे के मुद्दे पर पंजाब की आआपा सरकार पर उठाए सवाल
नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नशे के मुद्दे पर पंजाब की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में स्थिति ऐसी हो गयी है कि नशे के कारोबार को लेकर शिकायत करने वाले व्यक्ति पर ही कार्रवाई हो जा रही है। भाजपा ने कहा कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए पार्टी लगातार आवाज उठा रही है और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान
जग्गी सिंह का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब में नशे के कारोबार को लेकर शिकायत की थी। भाटिया ने सवाल किया कि नशे के कारोबार की शिकायत करने वाले व्यक्ति के खिलाफ ही कार्रवाई क्यों की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय जग्गी सिंह के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट की गई।
भाटिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का काम कानून-व्यवस्था बनाए रखना और शिकायत लेकर आने वाले व्यक्ति को न्याय दिलाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को ही कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है, जबकि मादक पदार्थ के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब का युवा रोजगार के अवसर चाहता है और उनकी पार्टी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पंजाब को मादक पदार्थ से मुक्त कराना है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय