(लीड)‘फेक पोस्ट’ के लिए सौरव दास माफी मांगें अथवा कानूनी कार्रवाई का सामना करेंः गौरव भाटिया
नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास को 24 घंटे के भीतर माफी मांगने अथवा कानूनी कार्रवाई का सामना करने की चेतावनी दी है।यह मामला स्वतंत्र भारद्वाज नामक युवक को लेकर किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है। पोस्ट में दावा किया गया था कि भाटिया ने स्वतंत्र भारद्वाज को ‘दिमागी नक्सल’ कहा है। सौरव दास ने इस पोस्ट को भाटिया को टैग किया था। पोस्ट में यह भी दावा किया गया था कि उसका भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है।इस पोस्ट पर गौरव भाटिया ने उसी पोस्ट के नीचे अंग्रेजी में प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘फेक पोस्ट’ बताया। उन्होंने सौरव दास को पोस्ट हटाने और बिना शर्त माफी मांगने के लिए 24 घंटे का समय दिया। इसके बाद सौरव दास ने अपने सोशल मीडिया से वह पोस्ट डिलीट कर दिया। पोस्ट हटाए जाने के बाद गौरव भाटिया ने एक और पोस्ट करते हुए दावा किया कि सौरव दास द्वारा पोस्ट महज 83 मिनट में डिलीट कर दी गई, लेकिन अभी तक बिना शर्त माफी नहीं मांगी गई है। अगर माफी नहीं मांगी गई तो 24 घंटे के बाद वे दास के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराएंगे। दास ने बाद में सफाई दी कि यह पोस्ट एआई से बनाई गई थी। यह मामला दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान सीजेपी कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर कथित हमले से जुड़ा है। प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार की किसी के साथ झड़प हुई थी। सीजेपी का आरोप है कि स्वतंत्र भारद्वाज और अन्य लोगों ने संजय कुमार पर हमला किया। भारद्वाज ने दावा किया था कि उन्होंने आजाद के पिता की खोपड़ी तोड़ दी। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने इस बयान से इनकार किया था।इन टिप्पणियों के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीजेपी ने शुक्रवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर धरना दिया था। पुलिस ने बाद में भारद्वाज को गिरफ्तार किया था।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / पवन कुमार