जनजातीय समाज को वोटबैंक नहीं, देश की गौरवशाली विरासत के रूप में पहचान दिलाई मोदी सरकार ने : गजेंद्र पटेल
नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में बुधवार से १८ नवंबर तक जनजातीय गौरव दिवस के तहत कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। भाजपा के इस विशेष आयोजन में बारे में भाजपा के महामंत्री गजेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में 11 नवंबर से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों, उनके उत्थान और विकास के साथ ही उनके जीवन में आए सुखद परिवर्तन की यात्रा से लोगों को अवगत कराया जाएगा।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में गजेंद्र पटेल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातु गांव में हुआ था। उनका जीवन, संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया।
उन्होंने कहा कि इसी अवसर पर भोपाल में पहले जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान एवं संग्रहालय का लोकार्पण किया गया। साथ ही, हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर आदिवासी क्रांतिवीर रानी कमलापति के नाम पर रखा गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं एवं महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिन्होंने आदिवासी समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार में वर्ष 1999 में पहली बार अलग जनजातीय मंत्रालय का गठन किया गया। वर्ष 2000 में झारखंड और छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा दिया गया। इसी क्रम में संथाली और बोडो जैसी जनजातीय भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया।
गजेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को राष्ट्रीय पहचान, सम्मान और गौरव दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई हैं। लंबे समय तक देश में जनजातीय समाज को केवल वोटबैंक की राजनीति के नजरिये से देखा गया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने का काम किया है।
पटेल ने कहा कि विपक्ष ने लंबे समय तक जनजातीय समाज को केवल वोटबैंक की राजनीति तक सीमित रखा। कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में न तो जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया और न ही अलग जनजातीय मंत्रालय का गठन किया। जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और समाज सुधारकों के योगदान को वह सम्मान और पहचान नहीं मिल सकी, जिसके वे वास्तविक हकदार थे। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के इतिहास और विरासत को देश की राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। इसी तरह तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू और गोविंद गुरु जैसे महान जनजातीय नायकों ने अंग्रेजी शासन और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए देश की आजादी और समाज के अधिकारों के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। इन महान विभूतियों का योगदान केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि वे पूरे देश की धरोहर और प्रेरणास्रोत हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इन नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान मिल रही है।
पटेल ने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय जनजातीय समाज के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। इस पहल के माध्यम से देश की नई पीढ़ी को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और उनके ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराने का अवसर मिला है। जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के इतिहास में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करने और उसे उचित स्थान देने का राष्ट्रीय संकल्प है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज के नायकों को सम्मान देने के साथ-साथ उनकी संस्कृति, भाषा, परंपराओं और विशिष्ट पहचान के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया है। देशभर में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को संजोने, उनके संघर्षों को सामने लाने और उनकी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे जनजातीय समाज में अपने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव की भावना मजबूत हुई है।
पटेल ने कहा कि आज जनजातीय समाज अपने गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को लेकर गर्व महसूस कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को केवल योजनाओं का लाभार्थी मानने के बजाय राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण भागीदार बनाने की सोच को आगे बढ़ाया गया है। जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तीकरण विकसित भारत के संकल्प का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के महान नायकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना, उनकी विरासत का संरक्षण करना और उनके योगदान को देश के सामने लाना एक महत्वपूर्ण परिवर्तन है। आज जनजातीय समाज का गौरव पूरे देश का गौरव बन रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी