पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा

 


नैनीताल, 03 मार्च (हि.स.)। भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बुधवार 5 फरवरी से उत्तराखंड के जनपद नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे।

प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार वे 5 मार्च को प्रातः 11 बजे 12 जनपथ, नई दिल्ली से प्रस्थान कर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से विमान द्वारा पंतनगर आएंगे। दोपहर में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पहुंचकर भोजन के उपरांत वहां से कार से काठगोदाम सर्किट हाउस पहुचेंगे, और वहां संक्षिप्त विश्राम के उपरांत अपराह्न तीन बजे भीमताल के लिए प्रस्थान करेंगे। उनका रात्रि विश्राम भीमताल में ही रहेगा।

आगे 6 मार्च को वे भीमताल से प्रस्थान कर मल्ला रामगढ़ में संक्षिप्त प्रवास के बाद ग्राम सतखोल स्थित श्री राम चंद्र मिशन हिमालयन आश्रम पहुंचेंगे। यहां 6 और 7 मार्च को उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है। 8 मार्च को प्रातः सतखोल से प्रस्थान कर वे भीमताल और काठगोदाम में संक्षिप्त ठहराव के बाद पुनः जीबी पंत विश्वविद्यालय पहुंचेंगे और वहां से दोपहर में पंतनगर हवाई अड्डे के लिए प्रस्थान कर विमान द्वारा दिल्ली लौटेंगे।

उनके आगमन के दृष्टिगत प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। अलबत्ता नैनीताल जनपद के अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया श्री कोविंद का आगमन कार्यक्रम पूरी तरह से निजी है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व श्री कोविंद बीते वर्ष 27 अक्टूबर 2025 को भी नैनीताल जनपद के निजी प्रवास पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नैनीताल राजभवन में प्रवास किया था और बाबा नीब करौरी के कैंचीधाम के दर्शन किये थे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी