जमैका, सूरीनाम और त्रिनिदाद एवं टोबैगो जाएंगे विदेश मंत्री

 


नई दिल्ली, 02 मई (हि.स.)। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 02 से 10 मई तक जमैका, सूरीनाम और त्रिनिदाद एवं टोबैगो की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री तीनों देशों के नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

विदेश मंत्री की इस यात्रा का उद्देश्य जमैका, सूरीनाम और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के साथ भारत की राजनीतिक गतिविधियों को गति देना और इन देशों के साथ हमारे दीर्घकालिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देना है, जो दक्षिण-दक्षिण सहयोग और विकास के प्रति पारस्परिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि गिरमिटिया समुदाय की उपस्थिति के कारण इन देशों का भारत के साथ विशेष संबंध है। विदेश मंत्री के इन देशों के प्रमुख व्यापारिक नेताओं और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ द्विपक्षीय बैठकें और बातचीत करने की भी उम्मीद है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा