नीट पेपर लीक पर गतिरोध खत्म करने की कोशिश, सरकार बुला सकती है सर्वदलीय फ्लोर लीडर्स की बैठक

 


नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर संसद के मानसून सत्र में दोनों सदनों में पिछले चार दिनों से गतिरोध जारी है। इसे लेकर सत्ता और विपक्ष में टकराव के कारण सदन की कार्यवाही नहीं चल पाई है।

संसद के मानसून सत्र में नीट पेपर लीक मामले पर जारी गतिरोध खत्म करने के लिए केंद्र सरकार विभिन्न राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुला सकती है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के लगातार विरोध और हंगामे के कारण संसद की कार्यवाही बार-बार बाधित हो रही है।

संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी दलों के फ्लोर लीडर्स से अपील की कि वे चर्चा की अवधि और नियमों पर सहमति बनाएं, ताकि सदन में सार्थक बहस हो सके।

सरकार की इस पहल का उद्देश्य संसद में जारी गतिरोध समाप्त करना और नीट पेपर लीक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा का रास्ता साफ करना है।

विपक्ष लगातार इस मामले पर विस्तृत चर्चा और जवाबदेही की मांग कर रहा है। सरकार भी बिना शर्त चर्चा के लिए तैयार है। शुक्रवार को दोनों सदन की कार्यवाही चलाने को लेकर सहमति बनाने की कोशिश सरकार कर सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी