रायगंज में लॉरी-पिकअप वैन की आमने-सामने टक्कर, पांच लोगों की मौत

 


रायगंज, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पिकअप वैन में सवार चार मजदूर और चालक शामिल हैं। सभी मृतक मालदा जिले के कालियाचक क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पिकअप वैन गुरुवार रात कालियाचक से मुर्गियां लेकर सिलीगुड़ी गई थी। वहां सामान उतारने के बाद वाहन चार मजदूरों और चालक के साथ वापस लौट रहा था। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे बांका मोड़ के पास पिकअप वैन की एक लॉरी से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान हसनत अली (15), मोहम्मद रमजान मोमिन (28), मोहम्मद मुस्तफा अंसारी (18), साहेल अंसारी (17) और पिकअप वैन चालक सोहेल अख्तर (31) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रायगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के बाद पुलिस ने यातायात को पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर डायवर्ट किया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. सोनावाने कुलदीप सुरेश ने दुर्घटना में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हादसे में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार