महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सल समर्थक गीत पर नृत्य मामले में पांच पर मामला दर्ज

 


गढ़चिरौली, 09 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की एटापल्ली तहसील के कृष्णार गांव में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान नक्सली संगठन के कुख्यात कमांडर हिडमा माडवी के जीवन पर आधारित कथित गीत पर नृत्य किए जाने के मामले में पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

बीती 6 मई की रात एक शादी समारोह में पारंपरिक आदिवासी नृत्य चल रहा था, तभी यह विवादित घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, बाबूराव कांदो ने कथित तौर पर “पुलिस गांव में किसकी अनुमति से आई” और “नक्सली ही अच्छे थे” जैसे भड़काऊ बयान दिए। साथ ही उसने “हमारा नेता हिडमा है, उसका गाना बजाओ” जैसी बात कही।

इसके बाद चैतू रूशी तेलामी ने हिडमा माडवी के जीवन पर आधारित गाना डीजे-ऑपरेटर को दिया। फिर आर्यन हिचामी और शरद कांदो ने वह गाना तेज आवाज में बजाया। इस दौरान करीब 40 से 50 युवक-युवतियों द्वारा नृत्य किए जाने की बात सामने आई है।

गुरुवार 7 मई को यह पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने वीडियो की जांच की और पाया कि गाने की सामग्री नक्सल समर्थक और शासन विरोधी भावनाओं को भड़काने वाली है।

पुलिस ने सिपाही रोशन कान्हुजी पुराम की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मुंबई पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपितो में शंकर हिचामी, बाबूराव कांदो, चैतू रूशी तेलामी, आर्यन हिचामी

और शरद कांदो (सभी निवासी कृष्णार) शामिल हैं।

पुलिस ने कहा है कि समाज में शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी