ईडी ने 'मेगा मिलेनियम' के ठिकानों पर की छापेमारी

 

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 'मेगा मिलेनियम प्राइवेट लिमिटेड' के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। केंद्रीय एजेंसी द्वारा मुंबई, दिल्ली और कर्जत (महराष्ट्र) स्थित ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।

सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई दिल्ली और मुंबई में कंपनी के दफ्तरों, इसके निदेशकों के आवासों तथा महाराष्ट्र के कर्जत स्थित एक फार्महाउस समेत कुल लगभग छह ठिकानों पर की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा, भारतीय मुद्रा और कीमती सामान बरामद किए जाने की खबर है।

इस पूरे मामले के केंद्र में मुंबई के जाने-माने व्यवसायी और सलाहकार हरीश देधिया हैं। ईडी की जांच में सामने आया है कि इस समूह की कंपनियों में हरीश डेडिया और उनकी पत्नी धारा देधिया प्रमुख निदेशक के रूप में शामिल हैं।

जांच एजेंसी को ठोस सबूत मिले हैं कि हरीश देधिया ने अपने ही कर्मचारियों और कठपुतली लोगों को आगे कर कई फर्जी कंपनियां खड़ी की थीं। हैरानी की बात यह है कि इन कंपनियों के गठन के महज एक साल के भीतर ही दुबई और सिंगापुर की संदिग्ध विदेशी इकाइयों से भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा प्राप्त हुई। इन फंड्स को कई फर्जी कंपनियों के जाल के जरिए घुमाया गया, ताकि पैसों के असली स्रोत को छिपाया जा सके।

फिलहाल, ईडी की यह मेगा सर्च ऑपरेशन जारी है और बरामद दस्तावेजों तथा सबूतों के आधार पर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसे जाने की पूरी संभावना है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी