तमिलनाडु में टीवीके को 'सीटी' और एमएनएम को 'बैटरी टॉर्च' चुनाव चिह्न आवंटित
नई दिल्ली, 22 जनवरी (हि.स.)। चुनाव आयोग ने तमिलनाडु विधानसभा के आगामी चुनाव से पहले राज्य के दो राजनीतिक दलों- अभिनेता विजय की तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (टीवीके) को ‘सीटी’ और अभिनेता कलम हासन की मक्कल नीधि मय्यम (एमएनएम) को ‘बैटरी टॉर्च’ चिह्न आवंटित किया है।
चुनाव आयोग ने राज्य निर्वाचन अधिकारी और दोनों पार्टियों के अध्यक्षों को लिखे पत्र में इसकी सूचना दी है। यह निर्णय चुनाव चिह्न (आरक्षण एवं आवंटन) आदेश, 1968 के तहत लिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह आवंटन आगामी तमिलनाडु विधानसभा आम चुनाव तक के लिए मान्य होगा। चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद इन चिह्नों पर किसी भी प्रकार का स्थायी दावा मान्य नहीं होगा।
आयोग के अनुसार दोनों राजनीतिक दलों ने पैराग्राफ 10बी के तहत निर्धारित शर्तों को पूरा किया है, जिसमें न्यूनतम संख्या में उम्मीदवार खड़े करना अनिवार्य है। इन शर्तों के पूरा होने के बाद ही आयोग ने सामान्य चुनाव चिह्न आवंटन की स्वीकृति दी।
निर्वाचन आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि ‘सीटी’ और ‘बैटरी टॉर्च’ चिह्न किसी अन्य राजनीतिक दल या उम्मीदवार को आवंटित नहीं किए जाएंगे और रिटर्निंग अधिकारियों को इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा